तहलका टुडे न्यूज | लखनऊ/बाराबंकी | 28 जून 2026
उत्तर प्रदेश के शिक्षा जगत ने एक ऐसे युगद्रष्टा को खो दिया, जिसने अपने संकल्प, समर्पण और दूरदर्शी सोच से हजारों युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी। श्री रामस्वरूप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक, वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं समाजसेवी श्री लक्ष्मीनारायण अग्रवाल का 27 जून 2026 को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से शिक्षा जगत, सामाजिक क्षेत्र और हजारों विद्यार्थियों के बीच शोक की गहरी लहर व्याप्त है।
श्री लक्ष्मीनारायण अग्रवाल ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी आधार है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आजीवन प्रयास किया। उनके इसी संकल्प का परिणाम है कि आज श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट (SRMCEM) तथा श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (SRMU) देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपना विशिष्ट स्थान रखते हैं।
इंजीनियरिंग, प्रबंधन, फार्मेसी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, कृषि, शिक्षा, मीडिया तथा अन्य व्यावसायिक एवं शोधपरक पाठ्यक्रमों के माध्यम से इन संस्थानों ने हजारों विद्यार्थियों को न केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए, बल्कि उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति भी जागरूक बनाया। श्री अग्रवाल का विश्वास था कि एक अच्छा शिक्षित नागरिक ही एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है।
उनके नेतृत्व में शिक्षा को नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का जो अभियान शुरू हुआ, वह आज भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनकी प्रेरणा से अनेक विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे हैं।
उनके द्वारा स्थापित इस गौरवशाली शैक्षणिक परिवार का दायित्व अब उनके पुत्र इंजीनियर पंकज अग्रवाल, पुत्रवधू इंजीनियर पूजा अग्रवाल तथा परिवार के अन्य सदस्य उसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निभा रहे हैं, जिससे उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण की विरासत आगे बढ़ती रहे।
स्वर्गीय श्री लक्ष्मीनारायण अग्रवाल का अंतिम संस्कार रविवार, 28 जून 2026 को प्रातः 11 बजे लखनऊ के भैंसाकुंड श्मशान घाट में पूरे सम्मान और सामाजिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में परिजनों के साथ श्री रामस्वरूप मेमोरियल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट तथा श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, पूर्व छात्र, वर्तमान विद्यार्थी एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी पुण्य स्मृति को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि श्री लक्ष्मीनारायण अग्रवाल का संपूर्ण जीवन शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जिन मूल्यों और आदर्शों की नींव रखी, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उनका व्यक्तित्व, उनका कृतित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनका अमूल्य योगदान सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।
एक महान शिक्षाविद् भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा प्रज्ज्वलित ज्ञान का दीप आने वाली पीढ़ियों का मार्ग सदैव आलोकित करता रहेगा।




