गांधी स्मृति व्याख्यान: बापू के विचारों में समाहित है भारतीय संस्कृति की धारा – राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान

THlkaEDITR
4 Min Read

गांधी स्मृति व्याख्यान: बापू के विचारों में समाहित है भारतीय संस्कृति की धारा – राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान

तहलका टुडे टीम

बाराबंकी। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गांधी स्मृति दिवस के समापन अवसर पर आयोजित गांधी स्मृति व्याख्यान में कहा कि महात्मा गांधी का वैचारिक दर्शन केवल आदर्शवाद तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता और अहिंसा का वह मूलमंत्र है, जिससे पूरे विश्व का कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन सिद्धांत और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है, जो भारतीय संस्कृति की गंगा-जमुनी तहजीब से गहराई से जुड़ा हुआ है

राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी देश के विभाजन के सख्त खिलाफ थे और वह नहीं चाहते थे कि भारत के टुकड़े हों। उनकी विचारधारा मार्टिन लूथर किंग और नेल्सन मंडेला जैसे महान नेताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी। गांधीजी ने हमेशा मानवता, प्रेम और अहिंसा का संदेश दिया, जो आज के वैश्विक परिदृश्य में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा, “आज दुनिया के कई देश युद्ध की विभीषिका में झुलस रहे हैं। एक देश दूसरे को धमकियां दे रहा है। ऐसे समय में महात्मा गांधी के विचारों का अनुसरण करना ही शांति का मार्ग दिखा सकता है।”

मानव सेवा के लिए किया गया सम्मानित

गांधी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को मानव सेवा सम्मान से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में अखिल भारतीय शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय, पीजीआई के वरिष्ठ इंडोक्राइन सर्जन डॉ. ज्ञान चंद, वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, वरिष्ठ गांधीवादी अमीर हैदर, नगर पंचायत फतेहपुर के चेयरमैन मो. इरशाद अहमद, नगर पंचायत देवा के अध्यक्ष हारून वारसी, शिक्षाविद अशोक शुक्ला, सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष मो. उमैर किदवई, महात्मा गांधी क्लब के अध्यक्ष सलाउद्दीन किदवई और समाजसेवी भवानी दत्त भट्ट शामिल रहे।

इस अवसर पर महात्मा गांधी और के.डी. सिंह बाबू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रमुख वक्ताओं ने रखा अपना विचार

कार्यक्रम को आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी संस्थान के संयुक्त सचिव नवीन चंद तिवारी, विजय लक्ष्मी आई हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक सिंह वर्मा, पूर्व विधायक सरवर अली खान और देवा शरीफ वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष वासिक रफीक वारसी ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सहकारिता के पूर्व अध्यक्ष धीरेन्द्र वर्मा, समाजसेवी रंजन शर्मा, विनय कुमार सिंह, मृत्युंजय शर्मा, धनंजय शर्मा, सत्यवान वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

गांधी स्मृति व्याख्यान में व्यक्त किए गए विचार यह स्पष्ट करते हैं कि महात्मा गांधी केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि मानवता, शांति और सहिष्णुता के शाश्वत प्रतीक हैं, जिनकी विचारधारा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उनके समय में थी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *