Uttarakhand News: गंगोत्री धाम पहुंचे CS आनंद बर्द्धन, मां गंगा के किए दर्शन; श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश….

Dhuval Jain
2 Min Read

उत्तरकाशी जनपद के प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम में मां गंगा और श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की. उन्होंने विधिवत पूजा कर मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर गंगोत्री धाम में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए.

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें. उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए.

सीएस ने गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए. साथ ही, घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे और श्रद्धालुओं को दर्शन एवं स्नान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

Share This Article